भीषण गर्मी में पानी संकट गहराया
आरंगपानी के ग्रामीणों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन
(दुद्धी/ सोनभद्र) म्योरपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत आरंगपानी में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराने लगा है। नल जल योजना के तहत पानी आपूर्ति न होने से परेशान ग्रामीणों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर जिलाधिकारी सोनभद्र के नाम शिकायती प्रार्थना पत्र भेजा। ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द से जल्द योजना के तहत पानी सप्लाई शुरू कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण क्षेत्र में जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे हैंडपंप और निजी जलस्रोत भी जवाब देने लगे हैं। ऐसे में नल जल योजना ही ग्रामीणों के लिए एकमात्र सहारा है, लेकिन योजना से पानी न मिलने के कारण लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
समाजसेवी राजू कुमार गुप्त के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।सांकेतिक प्रदर्शन में मुख्य रूप से युवा समाजसेवी राजू कुमार गुप्त, राम लखन प्रजापति, सरोज देवी, रणजीत सिंह, उदयभान सिंह, सुशीला देवी, सुरेश कुमार, राम प्रसाद, लक्ष्मी नारायण, हीरा सिंह खरवार, दयाशंकर गोड़, रामाऔतार खरवार, संजय कुमार, भूरेश्वर, किरामती सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि गर्मी को देखते हुए तत्काल प्रभाव से नल जल योजना के तहत नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
Delhi 34 news report by chandra mohan Shukla
!doctype>


0 Comments