आयुक्त ने सीएम डैशबोर्ड एवं जनशिकायतों की समीक्षा कर दिए निर्देश
आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर दिया विशेष जोर
सीएम डैशबोर्ड में विकास कार्यों में प्रदेश में द्वितीय रैंकिंग पर जिलाधिकारी एवं अधिकारियों को दी बधाई
सोनभद्र। विंध्याचल मंडल, मीरजापुर के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों, आईजीआरएस जनशिकायतों, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा राजस्व एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। सभी अधिकारी प्रतिदिन स्वयं पोर्टल का अवलोकन करें तथा लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करें तथा मुख्यालय पर निवास करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में निरंतर प्रगति बनाए रखें।
समीक्षा के दौरान आयुक्त राजेश प्रकाश ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में विकास कार्यों के अंतर्गत जनपद सोनभद्र को प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ सहित समस्त अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इसी प्रकार टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद की उपलब्धियों को और बेहतर बनाने का प्रयास करें तथा शासन की प्राथमिकताओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, सहित राजस्व, विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Delhi 34 news report journalist by chandra mohan Shukla
!doctype>


0 Comments