जिलाधिकारी की नई पहल, गांव की गलियों में उतरकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ, ग्रामीणों ने की सराहना
घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति किया जागरूक
40 से 50 संवेदनशील गांव चिन्हित कर विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
साफ-सफाई, शुद्ध खान-पान और स्वच्छ वातावरण अपनाने की दिलाई शपथ
ग्रामीणों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी, आत्मीयता से मिले; लोगों ने जताया आभार
आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम व सभी विभागों के समन्वय से अभियान को सफल बनाने पर जोर
सोनभद्र। आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बभनौली कला गांव पहुंचकर संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण करते हुए घर-घर जाकर ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता सबसे प्रभावी उपाय है। प्रत्येक परिवार अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखे तथा शुद्ध एवं सुरक्षित खान-पान की आदत अपनाए, जिससे बीमारियों से बचाव संभव हो सके। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए संचारी रोगों के लक्षण, बचाव एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व की जानकारी दी। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने उनकी इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कई ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी जिलाधिकारी को गांव की गलियों में पैदल घूमकर लोगों को स्वयं जागरूक करते देखा है, जिससे प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ। जिलाधिकारी ने खंण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि गांव में नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई तथा सड़कों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनपद के ऐसे 40 से 50 गांव, जहां संचारी रोग फैलने की अधिक संभावना है, उन्हें विशेष रूप से चिन्हित कर वहां व्यापक जनजागरूकता अभियान, स्वच्छता अभियान एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएं, ताकि समय रहते बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। आज जनपद के विद्यालयों में संचारी रोग नियंत्रण हेतु शपथ दिलायी गयी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, एएनएम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Delhi 34 news report journalist by chandra mohan Shukla
!doctype>


0 Comments