सोनभद्र में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना, जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्क रहने की अपील
18, 19 एवं 20 अगस्त को मौसम को लेकर चेतावनी-निचले इलाकों, नदी-नालों एवं जलप्रपातों से दूर रहने की सलाह
कार्यालय जिला आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण, सोनभद्र
सोनभद्र। भारत मौसम विज्ञान विभाग, क्षेत्रीय मौसम केन्द्र, लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव-आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार दिनांक 18, 19 एवं 20 अगस्त को जनपद सोनभद्र एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजन से सतर्क एवं सुरक्षित रहने की अपील की गई है।
भारी वर्षा के कारण जनपद के निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों, मौसमी जलधाराओं, जलप्रपातों, बांधों एवं जलाशयों के आसपास जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही निचले पुलों एवं सड़कों पर जलभराव से आवागमन बाधित होने, कच्चे एवं असुरक्षित भवनों/संरचनाओं को क्षति पहुंचने, पेड़ों के गिरने तथा विद्युत एवं अन्य सामुदायिक सेवाओं में व्यवधान की संभावना बनी रह सकती है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें।
आमजन के लिए आवश्यक सावधानियां
- निचले एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें।
- नदी, नाले, जलप्रपात, तालाब एवं जलाशयों के पास न जाएं, विशेषकर जलस्तर बढ़ने की स्थिति में।
- तेज बहाव वाले पुलों एवं जलमग्न सड़कों को पार करने का प्रयास न करें।
- कच्चे, पुराने एवं असुरक्षित भवनों तथा अस्थायी संरचनाओं से दूर रहें।
- बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचें।
- भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा स्थगित करें तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
- वर्षा के दौरान नालों एवं मौसमी जलधाराओं को पार करने का जोखिम न उठाएं।
- किसान खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था रखें तथा भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक कृषि कार्य एवं उर्वरक/कीटनाशक के प्रयोग से बचें।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त मौसम संबंधी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
Delhi 34 news report journalist by Chandra Mohan Shukla
!doctype>


0 Comments