प्राथमिक विद्यालय कोन में उत्साह के साथ मनाई गई नेता जी सुभाष चंद्र बोस जयंती
कोन/सोनभद्र। प्राथमिक विद्यालय कोन में शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिया। छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के शिक्षकों द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रभक्ति गीतों के माध्यम से नेताजी को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सहायक अध्यापक रितेश जायसवाल, सहायक अध्यापिका मनीषा जायसवाल तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जया जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
शिक्षकों ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन संघर्ष, त्याग, साहस और अनुशासन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज का गठन कर अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष को नई दिशा दी। उनका प्रसिद्ध नारा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षकों ने कहा कि नेताजी का जीवन राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और कर्तव्यबोध का अनुपम उदाहरण है।
शासन के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास के उद्देश्य से विद्यालय में निबंध लेखन तथा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नेताजी के चित्र, विचार तथा नारों को रंगों और शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों की रचनात्मकता देखकर उपस्थित शिक्षकगण काफी प्रसन्न नजर आए।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में देशप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Delhi 34 news report by chandra mohan Shukla
!doctype>


0 Comments