सीबीएसई नेशनल में रेफरी बनकर सोनभद्र के रवि सिंह ने बढ़ाया जिले का मान, पंजाब पुलिस के हेड कोच शिव कुमार ने किया सम्मानित।
रेणुकूट। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय ताईक्वानडो खिलाड़ी रवि सिंह ने सीबीएसई नेशनल ताईक्वानडो चैंपियनशिप-2026 में नेशनल रेफरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाकर जिले का नाम रोशन किया है। हरियाणा के पानीपत स्थित बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, जटल में 19 से 24 सितंबर 2026 तक आयोजित सीबीएसई नेशनल ताईक्वानडो चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान रवि सिंह ने निष्ठा, निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ नेशनल रेफरी की भूमिका निभाई तथा मुकाबलों के निष्पक्ष संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। चैंपियनशिप के सफल आयोजन एवं समापन में ऑब्जर्वर शिव कुमार, पंजाब पुलिस के हेड कोच एवं महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी, की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिव कुमार एशियन गेम्स एवं वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उन्होंने नेशनल रेफरी रवि सिंह को मंच पर सम्मानित कर उनके निर्णायक कार्य की सराहना की। इसी अवसर पर डॉ. जोसेफ लिम, चेयरमैन, 9 डैन कुक्कीवोन इंडिया नॉर्थ ब्रांच एवं सीनियर एडवाइज़र, कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया, ने भी मंच पर रवि सिंह से हाथ मिलाकर उन्हें सम्मानित किया। दोनों प्रतिष्ठित खेल हस्तियों से मिले सम्मान को रवि सिंह ने अपने लिए गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी क्षण बताया। चैंपियनशिप के सफल संचालन में सीबीएसई स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर निखिल हंस, सीबीएसई नेशनल ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी रवि कादयान तथा टूर्नामेंट डायरेक्टर सौरभ शर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। रवि सिंह ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच हरप्रीत सिंह और राकेश कुमार को दिया गौरतलब है कि रवि सिंह विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप में भारत के लिए रजत पदक जीत चुके हैं तथा कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे एनआईएस कोच, नेशनल रेफरी एवं 4 डैन ब्लैक बेल्ट हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नेशनल रेफरी के रूप में जिम्मेदारी निभाना उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रवि सिंह की इस उपलब्धि पर हिण्डालको रेनुकूट, सोनभद्र सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Delhi 34 News report journalist by Chandra Mohan Shukla
!doctype>


0 Comments