ओम कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने प्रणत:। क्लेश नाशाय गोविन्दाय नमो नमः।।

आटो पलटने से चालक की मौत,मां बहन सहित सात लोग घायल


 आटो पलटने से चालक की मौत,मां बहन सहित सात लोग घायल


कोन/सोनभद्र, स्थानीय थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां, बहन, चाचा सहित ऑटो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोन–तेलगुढ़वा मार्ग पर बालू साइड रोगही के समीप हुआ।

हादसे में मृतक की पहचान रामनिहोर चेरो (45) निवासी ग्राम चाची खुर्द, थाना कोन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामनिहोर अपनी मां गुलजारिया (75 वर्ष) को लेने बहन के घर कोन थाना क्षेत्र के ग्राम मनरिया पड़रछ गया था। गुलजरिया पिछले लगभग 15 दिनों से बेटी के यहां रह रही थीं, उन्हें पैरालिसिस हो गया था। मंगलवार की शाम रामनिहोर अपनी मां को ऑटो से लेकर मनरिया से चाची खुर्द लौट रहा था।

ऑटो में मृतक की मां गुलजारिया, बहन लीलावती (48 वर्ष), भांजी अनीता (25 वर्ष), चचेरे भाई ललित मोहन सहित अन्य बच्चे सवार थे। जैसे ही ऑटो रोगही के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में चालक रामनिहोर ने अचानक ऑटो मोड़ दिया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। पलटते ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

हादसे में ऑटो सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कोन स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामनिहोर चेरो को देखते ही मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अनीता और गुलजारिया की हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों ने बताया कि रामनिहोर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के छह बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Delhi 34 news report by chandra mohan Shukla

Post a Comment

0 Comments