पड़री के चिखला टोले में आज तक नहीं हो पाया विद्युतीकरण
-ग्रामीणों ने दूसरी बार किया प्रदर्शन
सोनभद्र, आजादी के 75 वर्ष से अधिक बीत जाने और डिजिटल इंडिया के सपनों के बीच आज भी कई गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। म्योरपुर विकासखंड अंतर्गत पड़री ग्राम पंचायत के चिखला टोले में आज तक अधिकांश घरों में विद्युतीकरण नहीं हो सका है। बिजली न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लगभग 200 की आबादी वाले इस टोले में दर्जनों परिवार निवास करते हैं, लेकिन उनके घरों तक अब तक बिजली नहीं पहुंच पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 10 वर्ष पहले 11 केवीए लाइन तो लगाई गई, लेकिन घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए पोल नहीं लगाए गए, जिससे विद्युतीकरण का कार्य अधूरा रह गया।
ग्रामीण राम सुशील ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बिजली न होने से लोग मोबाइल चार्ज करने जैसी सामान्य सुविधाओं से भी वंचित हैं और आधुनिक उपकरणों का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर जल्द से जल्द विद्युतीकरण कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन में श्याम नारायण, बैजू यादव, राजेश, मोहन, बनवारी लाल, उमाकांत, सरिता, सुनीता, कसमीला, रीता और ममता समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि चिखला टोले में विद्युतीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
Delhi 34 news report by chandra mohan Shukla
!doctype>


0 Comments