ओम कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने प्रणत:। क्लेश नाशाय गोविन्दाय नमो नमः।।

दिव्यांग छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन आमंत्रित


 दिव्यांग छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन आमंत्रित

वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद की प्रत्येक विधानसभा में 20-20 ई-ट्राईसाइकिल प्रदान करने की योजना

योजना के तहत अधिकतम रूपया 65 हजार प्रति ई-ट्राईसाइकिल मिलेगा अनुदान

सोनभद्र। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा विद्यालय एवं महाविद्यालय तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-ट्राईसाइकिल योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत स्कूल एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्राओं को निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद सोनभद्र की प्रत्येक विधानसभा में 20-20 ई-ट्राईसाइकिल प्रदान किए जाने की योजना है। ई-ट्राईसाइकिल उन छात्राओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी, जिन्हें दैनिक कक्षाओं, लाइब्रेरी, लैब, हॉस्टल आदि तक सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम रूपया 65 हजार तक अनुदान अनुमन्य होगा।

ई-ट्राईसाइकिल हेतु छात्रा की आयु कम से कम 16 वर्ष होनी चाहिए तथा मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक होनी चाहिए। छात्रा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय अथवा महाविद्यालय में अध्ययनरत हो तथा उसके दोनों हाथ कार्यशील हों और दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य हो, जिससे वह ई-ट्राईसाइकिल का सुरक्षित संचालन कर सके। इसके साथ ही आवेदक ने पिछले 05 वर्षों में किसी सरकारी योजना, सांसद निधि, विधायक निधि अथवा अन्य सरकारी अनुदान से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल अथवा ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त न की हो। आवेदन के साथ आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र तथा अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र सहित निर्धारित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे। इच्छुक एवं पात्र दिव्यांग छात्राएं विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन एवं आवश्यक सहायता के लिए विकास भवन, लोढ़ी, सोनभद्र स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, कक्ष संख्या-11 में भी संपर्क किया जा सकता है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद की पात्र दिव्यांग छात्राओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Delhi 34 news report journalist by Chandra Mohan Shukla

Post a Comment

0 Comments