पंचमुखी महादेव मंदिर में गूंजी स्वच्छता की अलख, जिलाधिकारी ने स्वयं श्रमदान कर दिया जनभागीदारी का संदेश
1000 किलो प्लास्टिक एकत्र, ₹2,500 मंदिर को समर्पित; स्वच्छता अभियान में उमड़ी जनभागीदारी
‘स्वच्छता ही सेवा’ से ‘सेवा संकल्प’ तक—पंचमुखी महादेव मंदिर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने की पहल
सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विकास खंड राबर्ट्सगंज स्थित प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में पहुंचकर विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने स्वयं श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने लगभग 45 मिनट तक स्वयं श्रमदान किया। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने भी श्रमदान कर अभियान में सहभागिता की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र से लगभग 1000 किलोग्राम प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित किया गया। एकत्रित प्लास्टिक को मौके पर ही कबाड़ी को विक्रय किया गया, जिससे ₹2,500 की धनराशि प्राप्त हुई। जिलाधिकारी की पहल पर प्राप्त धनराशि को मंदिर के रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए मंदिर में ही दान कर दिया गया।
स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा मंदिर परिसर में दो डस्टबिन भी स्थापित कराए गए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन द्वारा कूड़े का उचित निस्तारण किया जा सके और मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में निरंतर सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा अपने आसपास के सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना है। जब प्रशासन के साथ आमजन भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी स्वच्छ और सुंदर वातावरण का निर्माण संभव होगा।
अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, स्थानीय कार्मिकों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
Delhi 34 News report journalist by Chandra Mohan Shukla
!doctype>


0 Comments