आरओबी निर्माण के बीच जनता की चिंता, मौके पर पहुंचे सदर विधायक भूपेश चौवे
सोनभद्र - रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य शुरू होने और रेलवे फाटक से चार पहिया व भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने के बाद क्षेत्र में बढ़ी जनचिंताओं के बीच सदर विधायक भूपेश चौबे ने मंगलवार को निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और डायवर्जन लागू होने की सूचना मिलते ही विधायक मौके पर पहुंचे तथा उपजिलाधिकारी, निर्माणाधीन कंपनी के अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण स्थल एवं वैकल्पिक मार्गों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की सुविधा और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना ऐसा कोई कदम न उठाया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं, इसलिए आवागमन की सुगम व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है।
विधायक ने रेलवे क्रॉसिंग पर पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षित सर्विस लेन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक आरओबी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक लोगों के सुरक्षित आवागमन की समुचित व्यवस्था रहनी चाहिए। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखा जाए।
डायवर्जन मार्गों का निरीक्षण करते हुए विधायक ने अधिकारियों का ध्यान उन स्थानों की ओर आकर्षित किया जहां सड़कें संकरी हैं और मोड़ अपेक्षाकृत तीखे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे स्थानों पर पर्याप्त संकेतक बोर्ड, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण के इंतजाम किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं यातायात विभाग की अतिरिक्त तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक ने कहा कि आरओबी निर्माण जनपद की बहुप्रतीक्षित परियोजना है, जिसके पूरा होने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी और आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम होगा। लेकिन निर्माण अवधि के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा कर जनता को इसका लाभ दिलाया जाए।
इस दौरान अधिकारियों ने विधायक को निर्माण कार्य की प्रगति, डायवर्जन व्यवस्था तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि जनता से जुड़े किसी भी मुद्दे की अनदेखी न की जाए और यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। विधायक ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना जनहित में है और थोड़े समय की असुविधा के बाद इसका लाभ पूरे क्षेत्र को लंबे समय तक मिलेगा
साथ में पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मवीर तिवारी भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शंभू नारायण सिंह बलिराम सोनी अनूप तिवारी शिबू चौबे एसडीएम सदर कोतवाल सहित रेलवे विभाग के राजस्व विभाग के नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Delhi 34 news report by chandra mohan Shukla
!doctype>


0 Comments