दुद्धीचुआ परियोजना के समीप वर्षा प्रभावित परिवारों की मदद में जुटा जिला प्रशासन, राहत एवं सहायता कार्य युद्धस्तर पर जारी
राहत शिविर लगाकर भंडारे के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री
जलनिकासी के साथ JCB से रास्तों एवं आवासीय परिसरों से मलबा और कीचड़ हटाने का कार्य जारी
एसडीएम एवं राजस्व टीम ने किया स्थलीय सर्वे, नुकसान का आकलन कर नियमानुसार अनुमन्य सहायता की होगी कार्रवाई
प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता - जिलाधिकारी
सोनभद्र। जनपद में हुई भारी वर्षा के कारण दुद्धीचुआ परियोजना के समीपवर्ती रिहायशी क्षेत्र में अचानक अधिक मात्रा में पानी आने से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर व्यापक राहत एवं सहायता कार्य किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देशन में प्रशासन एवं एनसीएल की टीमें मौके पर लगातार सक्रिय हैं और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप भोजन, खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भारी वर्षा के कारण दुद्धीचुआ परियोजना के समीप कई आवासीय परिसरों एवं रास्तों में पानी के साथ मिट्टी, मलबा एवं कीचड़ जमा हो गया था। स्थिति की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं एनसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीमों द्वारा राहत कार्य प्रारंभ कराया गया। प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी के साथ JCB मशीनों की सहायता से रास्तों, आवासीय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों से मिट्टी, मलबा एवं कीचड़ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
120 परिवारों तक पहुंचाई जा रही राहत सामग्री
प्रशासन द्वारा प्रभावित लगभग 120 परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता पर लेते हुए भोजन एवं खाद्य सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रभावित परिवारों को दो समय पका हुआ भोजन एवं फूड पैकेट नियमित रूप से वितरित किए जा रहे हैं। प्रशासन एवं एनसीएल की टीमें मौके पर रहकर राहत सामग्री के वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं।
राहत शिविर में भंडारे की व्यवस्था
प्रभावित परिवारों एवं जरूरतमंद लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से क्षेत्र में राहत शिविर/कैंप स्थापित कर भंडारे के माध्यम से भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन की निगरानी में राहत व्यवस्था संचालित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार को भोजन एवं आवश्यक सामग्री के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम एवं राजस्व टीम ने किया नुकसान का आकलन
घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी श्री मोहम्मद जफर, तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह एवं राजस्व विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वे किया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा वर्षा एवं अचानक आए पानी से हुई क्षति का आकलन किया। राजस्व टीम द्वारा तैयार की जा रही रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो - जिलाधिकारी
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्षा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। प्रभावित परिवारों को भोजन, खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराते हुए राहत कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “वर्षा से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय से राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमें लगातार सक्रिय रहें और जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं।”
जिला प्रशासन एवं एनसीएल की टीमें प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए जलनिकासी, साफ-सफाई, मलबा एवं कीचड़ हटाने, भोजन तथा राहत सामग्री के वितरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही हैं। जनपद के वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य निरंतर जारी हैं।
Delhi 34 news report journalist by Chandra Mohan Shukla
!doctype>


0 Comments