गड्ढों से मुक्ति को सड़कों पर चलेगा अभियान
दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में लगेंगे साइनेज और कैटआई
सोनभद्र। सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला अध्यक्षता में की गयी। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता पर मरम्मत
अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड एवं प्रांतीय खंड को निर्देशित किया कि बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों एवं गड्ढों की अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनपद की सड़कें गड्ढामुक्त रहें और आवागमन के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम होंगे मजबूत
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां आवश्यक साइनेज बोर्ड एवं कैटआई लगाने के निर्देश दिए। सड़कों पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत के साथ-साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई भी सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि वाहन चालकों को पर्याप्त दृश्यता मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर
एडीएम ने एआरटीओ एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों की नियमित रूप से आंखों की जांच कराई जाए। साथ ही चालकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में परिवहन समिति का गठन कराकर स्कूली वाहनों की नियमित निगरानी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, एआरटीओ कौशल सिंह सहित पुलिस विभाग एवं सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
Delhi 34 News report journalist by Chandra Mohan Shukla
!doctype>

0 Comments