सोनभद्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर, जिला स्तरीय शिक्षा समीक्षा बैठक में दिए गए आवश्यक निर्देश
सोनभद्र। जनपद में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यालयों में प्रभावी अनुश्रवण एवं प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय शिक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने की। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, निरीक्षण व्यवस्था, निर्माण कार्यों, विद्युत संयोजन, नामांकन तथा विभिन्न पोर्टल पर डाटा अद्यतन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर खण्ड शिक्षा अधिकारी दुद्धी एवं नगवां को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनधिकृत अनुपस्थिति के मामलों में प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के अनुसार जनपद में अनधिकृत अनुपस्थिति के 45 मामलों में सभी 45 मामलों में कार्रवाई की गई है।
विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान Operation Kayakalp के अंतर्गत 19 मानकों पर विद्यालयवार स्थिति का अवलोकन किया गया। जनपद के 2,061 विद्यालयों में इन मानकों के आधार पर औसत इंफ्रास्ट्रक्चर सैचुरेशन 94.30 प्रतिशत दर्ज किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयवार गैप एनालिसिस तैयार कर शेष कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला खनिज निधि (DMF) एवं CSR के माध्यम से कराए जा रहे निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की तुलनात्मक प्रगति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। स्वीकृत, प्रगतिरत एवं लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया।
परिषदीय विद्यालयों में विद्युत संयोजन की प्रगति की समीक्षा में कुल 278 लक्षित विद्यालयों में 78 विद्यालयों में वर्तमान अवधि तक विद्युत संयोजन दिए जाने तथा 200 विद्यालयों में कार्य शेष होने की जानकारी दी गई। विद्यालयों के आसपास हाईटेंशन वायर के विस्थापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कार्य में अपेक्षित तेजी न मिलने पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को लंबित कार्यों में तेजी लाकर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नामांकन की समीक्षा के दौरान पोर्टल पर समय से डाटा अपडेट न होने के कारण कुछ विकास खंडों में पिछले वर्ष की तुलना में नामांकन कम प्रदर्शित होने की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। संबंधित अधिकारियों को विद्यालयवार सत्यापन कर नामांकन संबंधी डाटा का शत-प्रतिशत अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला एवं ब्लॉक टास्क फोर्स के निरीक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सितंबर माह में ब्लॉक टास्क फोर्स द्वारा निर्धारित 750 निरीक्षणों के सापेक्ष 725 निरीक्षण किए गए, जो 97 प्रतिशत उपलब्धि है, जबकि जिला टास्क फोर्स द्वारा 215 के लक्ष्य के सापेक्ष 144 निरीक्षण किए गए।
Prerna App एवं डिजिटल रजिस्टर के उपयोग की समीक्षा में कुल 2,064 विद्यालयों में से 1,336 विद्यालयों द्वारा डिजिटल रजिस्टर का कम-से-कम एक बार उपयोग किया जाना दर्ज हुआ, जो 64.72 प्रतिशत है। मुख्य विकास अधिकारी ने डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विद्यालय स्तर की सूचनाओं को समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।
बैठक में KGBV, मध्याह्न भोजन, DBT, दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन एवं नामांकन, RTE के अंतर्गत प्रवेश एवं शुल्क प्रतिपूर्ति सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मध्याह्न भोजन के संबंध में सभी 10 विकास खंडों में MDM वितरित न होने वाले विद्यालयों की संख्या शून्य दर्ज की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यालय स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर अनुश्रवण किया जाए।
Delhi 34 News report journalist by Chandra Mohan Shukla
!doctype>


0 Comments