ओम कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने प्रणत:। क्लेश नाशाय गोविन्दाय नमो नमः।।

नवविवाहित युवक की बिल्डिंग से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम

 


नवविवाहित युवक की बिल्डिंग से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम


विंढमगंज/जामपानी।सोनभद्र के दुद्धी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जामपानी निवासी 24 वर्षीय देवकुमार गोंड पुत्र रामरतन गोंड की लखनऊ के गोमतीनगर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि देवकुमार गोंड लखनऊ के गोमतीनगर में काम कर रहे थे। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे वह निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम के दौरान अचानक नीचे गिर गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर वहां मौजूद लोगों और सहकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी परिवार वालों को मिलते ही परिजन गहरे सदमे में आ गए। देवकुमार की शादी अप्रैल 2026 में हुई थी। शादी के महज कुछ ही महीने बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। नवविवाहित युवक की मौत से पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद कंपनी की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। वहीं, परिजनों ने कंपनी से उचित एवं अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को भविष्य में कुछ सहारा मिल सके।

हादसे के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के पश्चात देवकुमार का शव उनके पैतृक गांव जामपानी लाया गया। शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। पूरे गांव में मातम का माहौल रहा। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

बाद में शोकाकुल माहौल में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में नजदीकी नदी तट स्थित घाट पर देवकुमार गोंड का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और कंपनी से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।

देवकुमार अपने पीछे नवविवाहिता पत्नी समेत परिवार को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिजनों के साथ-साथ पूरे जामपानी गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

Delhi 34 News report journalist by Chandra Mohan Shukla

Post a Comment

0 Comments